ब्यूरो रिपोर्ट : रवि प्रताप आर्य

बलिया। पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने जनहित एवं प्रशासनिक हित को देखते हुए जनपद पुलिस विभाग में दो निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। जारी आदेश के अनुसार रसड़ा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह का स्थानांतरण साइबर सेल में किया गया है, जबकि पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक सुशील कुमार को रसड़ा कोतवाली का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश में बताया गया है कि निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह को तत्काल प्रभाव से वर्तमान तैनाती स्थान से कार्यमुक्त करते हुए साइबर सेल में नवीन तैनाती दी गई है। वहीं निरीक्षक सुशील कुमार, जो अब तक पुलिस लाइन में तैनात थे, उन्हें प्रभारी निरीक्षक रसड़ा के पद पर नियुक्त किया गया है।
आदेश में दोनों अधिकारियों को नवीन तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण कर अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस विभाग में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल को कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।



