HomeUncategorizedबाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचे जापानी गवर्नर: मंदिर में हर-हर महादेव...

बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचे जापानी गवर्नर: मंदिर में हर-हर महादेव का लगाया जयकारा,बोले- ग्रीन हाइड्रोजन समेत कई क्षेत्रों में बढ़ाएंगे सहयोग

चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रीक ब्यूरो – राकेश वलेचा

सावन के पवित्र महीने में रविवार को जापान के यामानाशी प्रीफेक्चर के गवर्नर कोटारो नागासाकी जापानी प्रतिनिधिमंडल के साथ श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने बाबा विश्वनाथ का विधिवत दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।

इस दौरान जापानी मेहमानों ने काशी विश्वनाथ धाम की भव्यता और आध्यात्मिक आभा को करीब से निहारा। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने जापानी प्रतिनिधिमंडल का ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ स्वागत किया। जापानी मेहमानों ने भी श्रद्धालुओं के साथ हर-हर महादेव का जयघोष किया।

मंदिर पहुंचने पर जापानी प्रतिनिधिमंडल का रुद्राक्ष की माला और अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया। कोटारो नागासाकी के नेतृत्व में करीब 15 प्रमुख सदस्य बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचे थे। मंदिर न्यास के एसडीएम शंभू शरण ने बताया कि जापानी मेहमानों ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के साथ काशी की आध्यात्मिक परंपरा को भी करीब से महसूस किया।
विश्व शांति के लिए बाबा विश्वनाथ से की प्रार्थना

दर्शन-पूजन के बाद यामानाशी के गवर्नर कोटारो नागासाकी ने कहा कि उत्तर प्रदेश, यामानाशी प्रांत और जापान के बीच संबंधों को आने वाले समय में और मजबूत किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मिलकर कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग आगे बढ़ाने की इच्छा है। उन्होंने ग्रीन हाइड्रोजन सिस्टम के माध्यम से उत्तर प्रदेश और यामानाशी के विकास को बढ़ावा देने को महत्वपूर्ण पहल बताया।

उन्होंने कहा कि ऊर्जा सुरक्षा के जरिए विश्व शांति की स्थापना में भी योगदान देने की इच्छा है। गवर्नर ने कहा कि काशी आकर लोगों की ईश्वर के प्रति श्रद्धा और सम्मान की भावना को उन्होंने स्पष्ट रूप से महसूस किया। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से विश्व शांति के लिए प्रार्थना करने की बात कही।


कांवड़ियों की भीड़ और क्राउड मैनेजमेंट ने किया प्रभावित

बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे जापानी मेहमान काशी में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखकर भी अभिभूत नजर आए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए योगी सरकार की ओर से की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। खासतौर पर भीड़ प्रबंधन यानी क्राउड मैनेजमेंट को जापानी दल ने प्रभावी बताया। जापानी प्रतिनिधिमंडल ने काशी विश्वनाथ धाम की भव्यता के साथ यहां आध्यात्मिक विरासत और आधुनिक व्यवस्थाओं के समन्वय को भी करीब से देखा।
सारनाथ और नमो घाट भी पहुंचे

इससे पहले शनिवार को जापानी प्रतिनिधिमंडल ने भगवान बुद्ध की उपदेशस्थली सारनाथ का भ्रमण किया था। इसके बाद शाम को नमो घाट पर गंगा आरती में शामिल होकर काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का अनुभव किया। रविवार को बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद जापानी दल वाराणसी से रवाना हो गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular