चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
क्राइम ब्यूरो – पंकज भाटिया

नाबालिग को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर साथ ले जाने के मामले में बड़ागांव पुलिस ने बुधवार को वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने करण उर्फ सत्यजीत प्रजापति को गढ़वा गेट के पास से उस समय दबोचा, जब वह किसी वाहन का इंतजार कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, अपहृता को पहले ही सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया जा चुका है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
11 अगस्त को नाबालिग को लेकर हुआ था फरार
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त को बड़ागांव थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की को करण उर्फ सत्यजीत प्रजापति पुत्र राजेश प्रजापति, निवासी पूरे कछवा रोड, थाना मिर्जामुराद, वाराणसी, शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।
पुलिस ने पहले ही बरामद कर ली थी अपहृता
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया था। हालांकि, घटना के बाद से मुकदमे में वांछित आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर था। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।

गढ़वा गेट पर वाहन का इंतजार कर रहा था आरोपी
बुधवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी गढ़वा गेट के पास खड़ा है और किसी वाहन का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही हरहुआ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विवेकानंद द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घेराबंदी कर करीब 13:10 बजे करण उर्फ सत्यजीत प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया गया।
बोला- दोनों शादी करना चाहते थे
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नाबालिग को पहले से जानता था और दोनों के बीच प्रेम संबंध था। उसके मुताबिक, दोनों शादी करना चाहते थे, इसलिए वह लड़की को शादी के उद्देश्य से अपने साथ ले गया था। मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद लड़की अपने परिजनों के साथ चली गई।
लड़की से मिलने जा रहा था, तभी पकड़ा गया
आरोपी ने पुलिस को बताया कि बुधवार को वह उसी लड़की से मिलने जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे गढ़वा गेट के पास गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की उम्र करीब 19 वर्ष बताई है। उसके खिलाफ बड़ागांव थाने में मुकदमा संख्या 322/2026 दर्ज है।
BNS की धाराओं में दर्ज है मुकदमा
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ धारा 137(2) और 87 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में हरहुआ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विवेकानंद द्विवेदी और उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार वर्मा शामिल रहे।



