ब्यूरो : रवि प्रताप आर्य
रिपोर्ट : आशीष कुमार सिंह

बलिया । स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर बुधवार को रसड़ा नगर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का अद्भुत नजारा देखने को मिला। उपजिलाधिकारी रसड़ा रणवीर सिंह के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा रसड़ा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली। यात्रा के दौरान लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरे वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा का समापन रसड़ा उपजिलाधिकारी कार्यालय परिसर में हुआ, जहां राष्ट्रध्वज के सम्मान और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी रणवीर सिंह ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित में अपना योगदान देना चाहिए।
तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन से रसड़ा नगर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
यात्रा में तहसीलदार राजू कुमार , नायब तहसीलदार – अभिषेक सिंह , चंद्र प्रकाश यादव, लेखपाल – निर्भय नारायण सिंह (जिलाध्यक्ष) , लालसहब ,शशिकांत चौरसिया , अजीत कुमार,विजय कुमार सहित अन्य अधिकारी – कर्मचारी उपस्थित रहे।




