चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – चंदन रंजीत यादव

वाराणसी कैंट स्टेशन जीआरपी ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवपुर स्टेशन से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 6 बैग में रखे गए 12 कछुए बरामद हुए हैं। जीआरपी के मुताबिक बरामद कछुओं की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। मामले की सूचना वन विभाग को दे दी गई है और कछुओं को उनके सुपुर्द किया जाएगा।
कुम्भा एक्सप्रेस में मिला संदिग्ध
जीआरपी थाना प्रभारी रजोल नागर ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर देहरादून से हावड़ा जा रही कुम्भा एक्सप्रेस की एस-1 बोगी में छापेमारी की गई। इस दौरान एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया। उसके पास मौजूद 6 बैग की तलाशी लेने पर उनमें कछुए बरामद हुए। पूछताछ में युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद उसे थाने लाया गया।
सुल्तानपुर निवासी रानू कंजड़ गिरफ्तार
पकड़े गए युवक ने अपनी पहचान रानू कंजड़ निवासी जगदीशपुर, जनपद सुल्तानपुर के रूप में बताई। उसके पास से कुल 12 कछुए बरामद हुए। पूछताछ में उसने बताया कि ये इंडियन सॉफ्टशेल टर्टल हैं, जिन्हें गोमती नदी से पकड़ा गया था। वह इन्हें निहालगढ़ स्टेशन से ट्रेन में सवार होकर हावड़ा ले जा रहा था, जहां उनकी सप्लाई की जानी थी।
वन विभाग से मांगी गई रिपोर्ट
जीआरपी प्रभारी ने बताया कि बरामद कछुओं की प्रजाति और उनकी वास्तविक कीमत के संबंध में वन विभाग से संपर्क किया गया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार बरामद कछुओं की कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और वन विभाग की रिपोर्ट का इंतजार है।




