चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो चीफ़ – प्रदीप साह

काशी में रामनगर की विश्वविख्यात लीला में प्रभु श्रीराम के रूप में इस वर्ष मिर्जापुर के अंश पांडेय दिखेंगे। चंदौली में पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर के रुद्र उपाध्याय को सीता के स्वरूप के लिए चुना गया है। 25 सितंबर से शुरू होने वाली रामलीला के लिए शेष तीन स्वरूपों के लिए भी नए बालकों का ही चयन किया गया है।
प्रह्लादघाट क्षेत्र के निवासी श्रेयांश उपाध्याय भरत की भूमिका में दिखेंगे तो महमूरगंज के यक्ष तिवारी लक्ष्मण की भूमिका निभाएंगे। शत्रुघ्न की भूमिका के लिए मिर्जापुर के जमालपुर निवासी शिवांक उपाध्याय को चुना गया। निर्णायक दौर की स्वर परीक्षा शुक्रवार शाम रामनगर दुर्ग में कुंवर अनंत नारायण सिंह की मौजूदगी में हुई।
चयनित सभी बालक 15 वर्ष आयु वर्ग के हैं। स्वर की कोमलता और भाव उच्चारण की क्षमता के आधार पर 22 बालकों के बीच से इनका चयन हुआ है। इनसे संस्कृत के श्लोक और मानस की चौपाइयों का सस्वर पाठ कराया गया। चयन के दौरान व्यास शिवदत्त, रामलीला अधिकारी जेपी पाठक आदि भी उपस्थित रहे।
प्रथम गणेश पूजन कल होगा
अब दो अगस्त यानि कल मुहूर्त के अनुसार शाम 4 बजकर 50 मिनट पर प्रथम गणेश पूजन होगा। उसके बाद चयनित बालकों का बलुआघाट धर्मशाला में रामलीला के व्यास शिवदत्त के सानिध्य में प्रशिक्षण आरंभ होगा। रामलीला पूर्ण होने तक ये पांचों बालक अपने घरों से दूर रहेंगे। लीला व्यास के संरक्षण में अपनी-अपनी भूमिकाओं को आत्मसात करेंगे। संवाद कंठस्थ करने के अलावा भाव भंगिमाओं के संप्रेषण का अभ्यास करेंगे।



