चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू
क्राइम ब्यूरो : पंकज भाटिया

वाराणसी। रामनगर थाना पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लावारिस ट्रक से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने ट्रक से ब्लू लाइम ब्रांड की 23 पेटी एवं 90 अतिरिक्त पाउच सहित कुल 1125 पाउच अवैध देशी शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 90 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन एवं अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली तथा प्रभारी निरीक्षक रामनगर के नेतृत्व में 30 जुलाई 2026 को चलाए गए अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर लंका मैदान से कटरिया की ओर जाने वाली सड़क पर संदिग्ध अवस्था में खड़े एक ट्रक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन से 200 मिलीलीटर के कुल 1125 पाउच अवैध देशी शराब बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार बरामद शराब में 23 पेटियों में प्रति पेटी 45 पाउच तथा 90 अतिरिक्त पाउच शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान ट्रक का चालक मौके पर नहीं मिला। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस मामले में थाना रामनगर में मु.अ.सं. 0201/2026 के तहत धारा 60/63 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार चालक एवं शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
रामनगर पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



