ब्यूरो रिपोर्ट : रवि प्रताप आर्य

बलिया । पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रसड़ा पुलिस को दहेज हत्या के एक चर्चित मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना प्रभारी योगेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार को मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, वादी ने थाना रसड़ा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन की शादी वर्ष 2017 में नगहर गांव निवासी अतुल सिंह उर्फ अटल से हुई थी। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उसकी बहन का उत्पीड़न करते थे। आरोप है कि 15 जुलाई 2026 को ससुराल पक्ष के कई लोगों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। इस मामले में थाना रसड़ा पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
गुरुवार को थाना प्रभारी योगेन्द्र बहादुर सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश में निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने नगहर मोड़ के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपी अतुल सिंह उर्फ अटल (39 वर्ष) तथा अष्टभुजा सिंह उर्फ रानू (33 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम नगहर, थाना रसड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
थाना प्रभारी योगेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि दहेज हत्या जैसे गंभीर अपराधों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और शीघ्र ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी योगेन्द्र बहादुर सिंह, कांस्टेबल श्यामजी कुमार, महिला आरक्षी अंकित यादव तथा महिला आरक्षी संजना यादव शामिल रहीं।



