ब्यूरो रिपोर्ट : आशु खरवार

बलिया। आज नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर, अखनपुरा में पूर्व छात्र परिषद सम्मेलन एवं होली मिलन समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर दीपार्चन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया।
मुख्य अतिथि दानवीर रामचंद्र सिंह ‘ध्रुव जी’ ने अपने विस्तृत उद्बोधन में कहा कि जीवन में सफलता केवल इच्छा से नहीं, बल्कि निरंतर परिश्रम, धैर्य और संघर्ष से प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति सच्चे मन से अपने लक्ष्य के लिए प्रयास करता है, उसके साथ प्रकृति भी खड़ी हो जाती है। कठिनाइयाँ मनुष्य की परीक्षा लेती हैं, परंतु संघर्षशील व्यक्ति ही वास्तविक विकास की ऊँचाइयों को प्राप्त करता है।
विशिष्ट अतिथि महामंडलेश्वर कौशलेंद्र गिरी ने शिक्षा को संस्कार एवं व्यक्तित्व निर्माण का आधार बताते हुए पूर्व छात्रों से समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्य डॉ राजेंद्र पांडे ने सभी अतिथियों एवं पूर्व छात्रों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यक्रम प्रमुख जय राम कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा बड़ी संख्या में पूर्व छात्र उपस्थित रहे। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



