चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो चीफ : रोहित चौरसिया

वाराणसी: पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल की ड्यूटी संबंधी तैयारियों की समीक्षा की गई है। उन्होंने गुरुवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी में लगे समस्त पुलिस बल की ब्रीफिंग की और तत्पश्चात ग्रैंड रिहर्सल संपन्न कराया।
पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिया कि वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से अनुपालन किया जाए और सभी पुलिस कर्मी पूर्ण सतर्कता के साथ ड्यूटी करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पुलिस कर्मी अपने पास ड्यूटी कार्ड एवं आई-कार्ड अनिवार्य रूप से रखें और ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग न करें।
मोहित अग्रवाल ने बताया कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु रूट डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। साथ ही कार्यक्रम स्थल के निकट अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीवीआईपी मार्ग पर किसी भी वाहन को खड़ा नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वीवीआईपी कार्यक्रम स्थल और मार्ग को “नो फ्लाई जोन” घोषित किया गया है, जहां ड्रोन सहित किसी भी उड़ने वाली वस्तु का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। सुरक्षा के दृष्टिगत रूफ टॉप ड्यूटी लगाई गई है और सीसीटीवी व ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।
भीड़ नियंत्रण को लेकर पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने साथ रस्से एवं लाउड हेलर/पीए सिस्टम रखें और आवश्यकतानुसार इनका प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल व मार्ग पर प्रवेश से पहले सघन चेकिंग एवं फ्रिस्किंग की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि महिलाओं की चेकिंग केवल महिला पुलिस कर्मियों द्वारा ही की जाए।
मोहित अग्रवाल ने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वे अच्छे टर्न-आउट में निर्धारित समय पर अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर उपस्थित रहें, अपने साथियों की पहचान करें और जनता से विनम्रता व शालीनता से व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि प्रभारी राजपत्रित अधिकारी अपने अधीनस्थ पुलिस कर्मियों को ब्रीफ करें, ताकि ड्यूटी के दौरान किसी भी स्तर पर कोई कमी न रह जाए।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेश सिंह, वाह्य जनपदों से आए अधिकारी, पीएसी व अर्धसैनिक बलों के जवान तथा कमिश्नरेट वाराणसी के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।।।



