HomeUncategorizedमार्कंडेय महादेव मंदिर मार्ग का चौड़ीकरण, कई भवन ढहाए गए, बिना मुआवजा...

मार्कंडेय महादेव मंदिर मार्ग का चौड़ीकरण, कई भवन ढहाए गए, बिना मुआवजा दिए कार्रवाई से आक्रोश

चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक्ट ब्यूरो : राकेश वलेचा

वाराणसी: मार्कंडेय महादेव मंदिर तक जाने वाले मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य एक साल की रुकावट के बाद फिर से शुरू हुआ, लेकिन इस बार काम के साथ विवाद भी गहराया। निर्माण कार्य के तहत कैथी गांव में करीब 20 मकान गिरा दिए गए, जबकि पांच मकान अभी भी गिराए जाने बाकी हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें अब तक मुआवजा नहीं मिला, फिर भी प्रशासन ने जबरन कार्रवाई की।

लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम फोर्स और पीएसी के साथ मौके पर पहुंची और मकान तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी। टीम ने बताया कि भवन स्वामियों को पहले ही नोटिस दिया जा चुका था। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि बिना सुनवाई और मुआवजा दिए उनके घर तोड़ दिए गए। अचानक हुई कार्रवाई के कारण कई परिवार अपना सामान तक नहीं निकाल पाए।

ग्रामीण महेंद्र सिंह ने बताया कि “गांधी आश्रम से प्राथमिक विद्यालय तक के भवन स्वामियों को मुआवजा मिल चुका है, लेकिन प्राथमिक विद्यालय से मंदिर तक के मकान मालिकों को अभी तक भुगतान नहीं हुआ है। हमने अधिकारियों से कुछ समय देने की अपील की थी, लेकिन बिना किसी सुनवाई के घर तोड़ दिए गए।” ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक सभी प्रभावितों को मुआवजा नहीं दिया जाता, वे सड़क चौड़ीकरण कार्य का विरोध जारी रखेंगे। उनका कहना है कि शासन विकास परियोजना चला रहा है, लेकिन आम जनता को उसके बदले उचित हक नहीं मिल रहा।

इस मामले में अधिशासी अभियंता (PWD) केके सिंह ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण परियोजना शासन की प्राथमिकता में शामिल है और यह कार्य पूरी तरह नियमों के तहत किया जा रहा है। जिन भवन स्वामियों के मुआवजे की प्रक्रिया अभी लंबित है, उसे जल्द ही राजस्व विभाग के माध्यम से पूरा कराया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी को भी वैध अधिकार से वंचित नहीं किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान कैथी चौकी इंचार्ज अनिल कुमार पुलिस बल और पीएसी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे, ताकि किसी अप्रिय स्थिति से निबटा जा सके।।।

RELATED ARTICLES

Most Popular