चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू
क्राइम ब्यूरो : पंकज भाटिया

वाराणसी: धनतेरस के अवसर पर वाराणसी के प्रसिद्ध अन्नपूर्णा मंदिर में होने वाले पांच दिवसीय स्वर्णमयी मां अन्नपूर्णा दर्शन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिर प्रशासन ने भक्तों की बढ़ती भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
तैयारियों का जायजा लेने के लिए काशी जोन के एडीसीपी टी. सरवन और दशाश्वमेध एसीपी मंदिर पहुंचे। उन्होंने महंत शंकर पुरी से मुलाकात कर आने वाले श्रद्धालुओं के दर्शन और प्रवेश-निकास मार्गों की जानकारी ली। साथ ही, एडीसीपी ने मंदिर परिसर में सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का भी निरीक्षण किया।
एडीसीपी सरवन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पर विशेष ध्यान रखा जाए और सभी प्रवेश-निकास मार्गों को व्यवस्थित किया जाए ताकि धनतेरस और उसके बाद आने वाले चार दिनों के दौरान भक्तों को दर्शन में कोई असुविधा न हो। उन्होंने यह भी कहा कि वृद्ध, महिला और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित की जाए।
मंदिर प्रशासन ने भी मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों में बैरिकेडिंग, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और कैमरों की निगरानी को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मंदिर में व्यवस्थाओं के पूर्ण होने के बाद श्रद्धालुओं के दर्शन का शुभारंभ धनतेरस से होगा।
गौरतलब है कि स्वर्णमयी मां अन्नपूर्णा के दर्शन वाराणसी में हर वर्ष विशेष भक्ति और श्रद्धा के साथ किए जाते हैं, और लाखों श्रद्धालु इस अवसर पर काशी आते हैं।।।



