ब्यूरो रिपोर्ट : रवि प्रताप आर्य

बलिया। बलिया में “मिशन शक्ति फेज-05” अभियान के तहत एक अनूठी पहल की गई। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर रविवार को बैरिया की छात्रा कुमारी पूजा यादव
को एक दिन के लिए बैरिया क्षेत्राधिकारी (सीओ) का कार्यभार सौंपा गया। इस कदम का उद्देश्य महिलाओं को प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराना और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।

बैरिया सीओ जनाब फहीम कुरैशी की उपस्थिति व देखरेख में छात्रा ने कार्यभार संभाला। कार्यभार संभालते ही, ‘एक दिन की सीओ’ पूजा यादव ने गंभीरता से अपने दायित्वों का निर्वहन शुरू किया। उन्होंने सबसे पहले सीओ कार्यालय के कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और कार्यालय की कार्यप्रणाली को समझा। इसके बाद, उन्होंने महत्वपूर्ण रजिस्टरों का अवलोकन किया और पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। पूजा ने सीओ कार्यालय में आई जनसमस्याओं की सुनवाई भी की। जनसुनवाई के दौरान, उन्होंने एक जिम्मेदार अधिकारी की भूमिका निभाई। उन्होंने बैरिया थाना क्षेत्र से आए फरियादी की समस्या को ध्यानपूर्वक सुना। समस्या की गंभीरता को समझते हुए, पूजा ने तत्काल थानाध्यक्ष बैरिया को फोन पर निर्देश दिए और मामले का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

छात्रा पूजा की कार्यशैली और तुरंत समस्याओं का समाधान करने की तत्परता को देखकर सीओ कार्यालय में आए फरियादी बेहद खुश हुए। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि उनकी सुनवाई तत्काल हुई और त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। एक दिन की बैरिया सीओ बनीं छात्रा पूजा ने बैरिया सीओ जनाब फहीम कुरैशी से बहुत कुछ सीखा।



