चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
यूपी हेड – अजय लखमानी

आईआईटी बीएचयू के 15वें दीक्षांत समारोह का काउंटडाउन शुरू हो गया है। 31 अक्टूबर को स्वतंत्रता भवन सभागार में होने वाले समारोह में दो हजार से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। संस्थान में समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेधावियों की सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आईआईटी बीएचयू में इस बार इंजीनियरिंग के 11 विभागों, चार स्कूलों, विज्ञान के तीन विभागों और ह्यूमैनिटीज के एक विभाग से पढ़ाई पूरी करने वाले विद्यार्थियों को उपाधियां दी जाएंगी। समारोह में स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी पूरी करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। हालांकि, पीएचडी पूरी करने वाले विद्यार्थियों की अंतिम संख्या अभी तय नहीं हुई है। सभी विभागों से इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
करीब 65 मेधावियों को मिलेंगे 125 मेडल और पुरस्कार
दीक्षांत समारोह में लगभग 65 मेधावी छात्र-छात्राओं के बीच 125 मेडल और पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। इनमें संस्थान के प्रतिष्ठित शैक्षणिक सम्मान भी शामिल होंगे। मेधावियों की सूची तैयार करने का काम अंतिम चरण में है। पुरस्कारों और पदकों की अंतिम सूची जारी होने के बाद सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों के नाम सामने आएंगे।
समारोह के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में राष्ट्रपति मेडल शामिल है। यह मेडल संस्थान में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को दिया जाता है। इसके अलावा स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। पूरे पाठ्यक्रम के दौरान सर्वांगीण प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को डायरेक्टर्स मेडल प्रदान किए जाते हैं।
स्नातक और आईडीडी में 1500 से अधिक मेडल
इस वर्ष स्नातक और इंटीग्रेटेड डुअल डिग्री (आईडीडी) स्तर पर 1500 से अधिक मेडल प्रदान किए जाने की जानकारी है। वहीं, स्नातकोत्तर स्तर पर एमटेक, एमफार्मा और एमएससी के विद्यार्थियों को करीब 350 मेडल दिए जाएंगे। इन सम्मानों के जरिए शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
पहली बार मंच पर होंगे बीएचयू के कुलपति
इस बार दीक्षांत समारोह में एक खास बदलाव भी देखने को मिलेगा। बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी पहली बार आईआईटी बीएचयू के दीक्षांत समारोह के मंच पर मौजूद रहेंगे। वह आईआईटी बीएचयू के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के उपाध्यक्ष के रूप में मंचासीन होंगे। समारोह की अध्यक्षता बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन और वरिष्ठ वैज्ञानिक कोटा हरिनारायण करेंगे।
पीएचडी विद्यार्थियों की सूची को अंतिम रूप देने के निर्देश
दीक्षांत समारोह में पीएचडी की उपाधि पाने वाले विद्यार्थियों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं है। दीक्षांत समिति ने सभी विभागों को मंगलवार तक पीएचडी पूरी करने वाले विद्यार्थियों की सूची साझा करने के निर्देश दिए हैं। विभागों से जानकारी मिलने के बाद अंतिम सूची तैयार की जाएगी।
समारोह को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संस्थान की ओर से 12 समितियों का गठन किया गया है। ये समितियां स्वतंत्रता भवन सभागार की व्यवस्था, मेडल और प्रमाणपत्रों की तैयारी, अतिथियों के स्वागत तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। 31 अक्टूबर को होने वाले समारोह से पहले सभी तैयारियां पूरी करने कलिक्ष्य रखा गया है।



