चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो चीफ – प्रदीप साह

वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। छात्रसंघ भवन पर पिछले छह दिनों से चल रहे अनिश्चितकालीन धरने के समर्थन में रविवार को आम छात्र भी सड़क पर उतर आए। छात्रों ने MMV तिराहे पर कुलपति का पुतला दहन किया और छात्रसंघ बहाली के समर्थन में नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने आंदोलन के प्रति एकजुटता जताई। उनका कहना था कि विश्वविद्यालय में छात्रसंघ की बहाली विद्यार्थियों के अधिकारों और उनकी समस्याओं को उठाने के लिए जरूरी है।
छात्रसंघ सिर्फ चुनाव जीतने का माध्यम नहीं
छात्र नेता शिवांश सिंह ने कहा कि छात्रसंघ केवल चुनाव लड़ने या जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों की आवाज, अधिकारों और लोकतांत्रिक भागीदारी का महत्वपूर्ण मंच है। आम छात्रों का आंदोलन में शामिल होना बताता है कि छात्रसंघ बहाली की मांग पूरे छात्र समुदाय से जुड़ी है।
सभी छात्र संगठनों से एकजुट होने की अपील
शिवांश सिंह ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या संगठन विशेष का नहीं, बल्कि BHU के विद्यार्थियों के भविष्य और उनके प्रतिनिधित्व के अधिकार की लड़ाई है। उन्होंने सभी छात्र संगठनों और विद्यार्थियों से आपसी मतभेद भुलाकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन का समर्थन करने की अपील की।



