चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक रिपोर्टर – धनेश बदलानी

वाराणसी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए एक अभियान चलाया। उन्होंने राजातालाब बाजार क्षेत्र में राहत कोष और सहयोग राशि जुटाने का काम किया। ABVP वाराणसी जिला के कार्यकर्ताओं ने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना दिखाते हुए राजातालाब बाजार में दुकान-दुकान जाकर आम लोगों, व्यापारियों और राहगीरों से मदद मांगी।
आपदा के इस समय में पड़ोसी देश नेपाल के लोगों की मदद के लिए विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता सड़कों पर निकले। उन्होंने राजातालाब क्षेत्र के मुख्य मार्ग, सब्जी मंडी, कपड़ा बाजार और किराना दुकानों समेत पूरे बाजार में पैदल चलकर लोगों से संपर्क किया। इस दौरान स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और आम नागरिकों ने भी नेपाल आपदा पीड़ितों के लिए खुले दिल से आर्थिक मदद दी।
विभाग संयोजक राजमंगल सिंह ने बताया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सिर्फ एक छात्र संगठन नहीं है, बल्कि समाज के हर सुख-दुख में खड़ा रहने वाला अनुशासित संगठन है। उन्होंने कहा कि जब भी देश या हमारे पड़ोसी मित्र राष्ट्र पर कोई प्राकृतिक आपदा या संकट आता है, तो ABVP के कार्यकर्ता सबसे आगे खड़े होकर राहत और बचाव काम में मदद करते हैं। राजमंगल सिंह ने आगे कहा कि नेपाल में आई आपदा से काफी नुकसान हुआ है, और ऐसे समय में पीड़ितों की सेवा करना हमारा कर्तव्य है।

राजातालाब व्यापार मंडल और स्थानीय नागरिकों ने विद्यार्थी परिषद के इस मानवीय प्रयास की तारीफ की और पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया। जुटाई गई पूरी सहयोग राशि को ABVP के केंद्रीय राहत कोष के जरिए नेपाल आपदा पीड़ितों तक सुरक्षित पहुंचाया जाएगा, ताकि प्रभावित परिवारों को पुनर्वास और जरूरी सामान मिल सके।
इस सहयोग राशि संकलन अभियान में वाराणसी जिला संयोजक हर्ष सिंह, रजनीश तिवारी, शिवम पांडे, प्रतीक पाठक, शिवम सिंह, सतीश यादव, जय यादव, राज सिंह सहित कई छात्र कार्यकर्ता मौजूद रहे।




