HomeUncategorized10 लाख रुपये वापस मांगने पर महिला को धमकीः राजातालाब में एसीपी...

10 लाख रुपये वापस मांगने पर महिला को धमकीः राजातालाब में एसीपी के निर्देश पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – रोहित गुप्ता

Oplus_16908288

राजातालाब थाना क्षेत्र के नियैसीपुर गांव में 10 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर एक महिला को गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। सेना में रहे पति की पत्नी की शिकायत पर सहायक पुलिस आयुक्त के निर्देश पर राजातालाब पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नियैसीपुर निवासी सुषमा देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति भैरवनाथ पाठक सेना में कार्यरत थे। ड्यूटी के दौरान 21 अक्टूबर 2021 को उनकी मृत्यु हो गई थी। सुषमा देवी ने आरोप लगाया कि उनके पति ने 12 अक्टूबर 2020 को बढ़नी कलां निवासी रामलखन यादव और जयश्री यादव को अपनी आर्थिक जरूरत के लिए कुल 10 लाख रुपये उधार दिए थे।

शिकायत के अनुसार, यह रकम दो चेकों के जरिए पांच-पांच लाख रुपये करके दी गई थी। आरोपियों ने छह महीने के भीतर पूरी रकम वापस करने का भरोसा दिया था। तय समय बीतने के बाद जब भैरवनाथ पाठक ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने कुछ और समय मांगा। इसके बाद भी वे रकम लौटाने में टालमटोल करते रहे।

इसी बीच भैरवनाथ पाठक की मृत्यु हो गई। पति की मौत के बाद जब सुषमा देवी ने उधार दिए गए 10 लाख रुपये वापस मांगे, तो आरोप है कि आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे।

शिकायत में यह भी आरोप है कि 30 अप्रैल 2025 की सुबह करीब सात बजे सुषमा देवी ने जब दोबारा अपने पैसे मांगे, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर वे मारपीट करने पर उतारू हो गए। आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि दोबारा पैसे मांगने पर इसका अंजाम बहुत बुरा होगा और जान से मारकर फेंक दिया जाएगा।

इस मामले में महिला ने सहायक पुलिस आयुक्त से शिकायत कर न्याय और सुरक्षा मांगी। एसीपी के निर्देश पर राजातालाब पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि के लिए संबंधित दस्तावेज और अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular