HomeUncategorizedसिंधोरा बाजार में मकान की छत पर मिला शव: हाईवोल्टेज तार की...

सिंधोरा बाजार में मकान की छत पर मिला शव: हाईवोल्टेज तार की चपेट में आने से मौत की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक ब्यूरो – राकेश वलेचा

सिंधोरा बाजार में रविवार अलसुबह एक मकान की छत पर अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव विजय कुमार गुप्ता के मकान की छत पर पड़ा मिला। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि 11 हजार वोल्ट की हाईवोल्टेज लाइन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत हुई है। हालांकि, पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।

परिजनों ने छत पर पड़ा देखा शव

जानकारी के अनुसार, सुबह विजय कुमार गुप्ता के परिजनों ने मकान की छत पर एक व्यक्ति को मृत अवस्था में पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल घटना की सूचना सिंधोरा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पंकज पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

डीसीपी ने भी मौके पर पहुंचकर ली जानकारी

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू कात्यायन ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

चोरी की नीयत से छत पर पहुंचने की आशंका

ग्रामीणों और सिंधोरा के पूर्व प्रधान गुलाम मोहम्मद के मुताबिक, मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। आशंका है कि वह चोरी की नीयत से या किसी अन्य वजह से मकान की छत पर पहुंचा होगा। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईवोल्टेज लाइन की चपेट में आ गया होगा।

मकान के ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज लाइन

पूर्व प्रधान गुलाम मोहम्मद ने बताया कि विजय कुमार गुप्ता के मकान के ऊपर से हाईवोल्टेज विद्युत लाइन गुजर रही है। उनके अनुसार, इस स्थान पर पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। हालांकि, मृतक छत पर किस उद्देश्य से पहुंचा था, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ ही उसके मकान की छत पर पहुंचने के कारणों की भी जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular