चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
क्राइम ब्यूरो – पंकज भाटिया

वाराणसी के दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में वेतन मांगने को लेकर कर्मचारी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकान मालिक ने कर्मचारी मोहित वर्मा की लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। हमले में मोहित के सिर में चोट लगी और खून बहने लगा।
8 साल से दुकान पर काम करता है मोहित
मोहित वर्मा नई बस्ती का रहने वाला है। वह पिछले 8 साल से गोदौलिया चौराहे से गंगा घाट जाने वाले रास्ते पर स्थित ‘हेमंत दास एंड ब्रदर्स’ दुकान पर काम करता है। परिवार की जरूरत के चलते वह दुकान मालिक नितेश नरहरी से वेतन मांगने पहुंचा था।
दोबारा वेतन मांगने पर मारपीट का आरोप
परिजनों के मुताबिक, मोहित ने पहली बार वेतन मांगा तो उसे मना कर दिया गया। दोबारा वेतन मांगने पर आरोप है कि नितेश नरहरी ने दूसरे कर्मचारी से मोहित को डंडे से पिटवाना शुरू कर दिया। मारपीट में मोहित के सिर से खून बहने लगा और वह घायल हो गया।
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा इलाज
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मोहित को कबीर चौरा मेडिकल कॉलेज ले गई। हालत बिगड़ने पर उसे काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
परिजनों ने दुकान बंद कराकर किया विरोध
मोहित के परिवार ने आरोपी दुकान मालिक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध जताया। परिवार की महिलाओं ने दुकान बंद करा दी और न्याय की मांग करते हुए दुकान के नीचे बैठ गईं। परिवार का कहना है कि मामले में कार्रवाई होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।



