चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – चन्दन रंजीत यादव

वाराणसी में शनिवार की सुबह खोजवा पुस्तकालय गली से गुरुधाम राम मंदिर तक लंबे समय से बनी सीवर की समस्या के विरोध में स्थानीय लोगों का आक्रोश एक बार भड़क गया। सीवर चोक होने और गली में लगातार जलभराव की समस्या से परेशान लोगों ने शनिवार को दोबारा धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने दाहाचौक तिराहे से गुरुधाम तथा कश्मीरीगंज से गुरुधाम जाने वाले मार्ग को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने जलकल विभाग के जीएम को भी अपने बीच बैठा लिया।

लोगों का कहना था कि जब तक समस्या के स्थायी समाधान को लेकर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक वे अपना आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे। सड़क पर प्रदर्शन के कारण दोनों मार्गों पर आवागमन प्रभावित हो गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
अधिकारियों के खिलाफ दिखा आक्रोश
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खोजवा पुस्तकालय गली और आसपास के क्षेत्रों में सीवर की समस्या कोई नई नहीं है। पिछले कई वर्षों से सीवर चोक होने और गंदे पानी के सड़क व गलियों में जमा होने की समस्या बनी हुई है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। लोगों के मुताबिक, हर साल उन्हें इसी समस्या का सामना करना पड़ता है, लेकिन शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गली में पानी भरने के कारण लोगों को घरों से निकलने में परेशानी होती है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को सबसे अधिक दिक्कत का सामना करना पड़ता है। कई बार अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
मौके पर पहुंचे विधायक, लगाए गए मुर्दाबाद के नारे धरना-प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय विधायक सौरभ श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे। विधायक के पहुंचते ही कुछ स्थानीय लोगों ने उनके खिलाफ ‘विधायक मुर्दाबाद’ के नारे लगाए। हालांकि, विधायक ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने की कोशिश की और बाद में स्थानीय लोगों के साथ गली में बैठ गए।

उन्होंने मौके से संबंधित अधिकारियों को फोन कर सीवर और जलभराव की समस्या के समाधान को लेकर बातचीत की। विधायक ने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों से बात की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
पीएम जनसंपर्क कार्यालय की ओर बढ़े लोग
धरना-प्रदर्शन के दौरान कुछ स्थानीय लोग विरोध जताते हुए प्रधानमंत्री जनसंपर्क कार्यालय की ओर भी बढ़ने लगे। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और मौके पर स्थिति को नियंत्रित किया।




