चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक ब्यूरो – राकेश वलेचा

वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के नरोत्तमपुर में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर करीब 22 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और दो लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना का पता सुबह चार बजे चला, जब परिवार का एक बच्चा जागा और परिजनों की नजर खुले कमरे के दरवाजे पर पड़ी। चोरी की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
देर रात कमरे का दरवाजा खुला मिला
सूरज सिंह ने बताया कि 21 अगस्त की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सोने चले गए थे। भोर में चार बजे छोटा बच्चा उठा तो परिवार के अन्य लोग भी जाग गए। इसी दौरान प्रथम तल पर स्थित उस कमरे का दरवाजा खुला मिला, जिसे सोने से पहले बंद किया गया था।
कमरे में जाकर देखा गया तो दीवान बेड का एक पल्ला हटा हुआ था। उसमें रखी दो लाख रुपये की नकदी और लाखों रुपये के आभूषण गायब थे। परिवार ने घर में रखे अन्य सामान की जांच की तो चोरी का पता चला।
हार, कंगन और झुमके समेत लाखों के जेवर चोरी
सूरज सिंह के मुताबिक, चोर सोने का हार, सोने के कंगन, चार सेट कान के झुमके, पायल, महिलाओं की चार अंगूठियां और चांदी की करधनी समेत अन्य आभूषण ले गए। परिवार के अनुसार चोरी हुए आभूषणों की कुल कीमत करीब 22 लाख रुपये है। इसके अलावा दो लाख रुपये नकद भी चोरी हुए हैं।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने लंका थाने में तहरीर दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोर किस रास्ते से घर तक पहुंचे और घटना के बाद किस दिशा में गए। लंका थानाप्रभारी राजकुमार ने कहा-घटना की जानकारी मिलते ही एक टीम को लगाया गया है। घर के रास्ते पर लगे सीसीटीवी को चेक किया जा रहा है। जल्द ही चोर की गिरफ्तारी होगी।




