HomeUncategorizedलड़की भगाने का आरोपी गिरफ्तार: सातोमहुआ गेट से पकड़ा गया, बड़ागांव पुलिस...

लड़की भगाने का आरोपी गिरफ्तार: सातोमहुआ गेट से पकड़ा गया, बड़ागांव पुलिस की कार्रवाई

चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक रिपोर्टर – धनेश बदलानी

वाराणसी पुलिस ने एक युवती को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। बड़ागांव थाना पुलिस ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रवेश कुमार उर्फ राजू राजभर को सातोमहुआ गेट के पास से पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रवेश कुमार उर्फ राजू राजभर (33) पुत्र प्रेमनारायण, निवासी वीरापट्टी, थाना बड़ागांव, वाराणसी के रूप में हुई है। उसके खिलाफ बड़ागांव थाने में मु0अ0सं0 308/2026 के तहत धारा 87 और 69 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार, वादी ने बड़ागांव थाने में तहरीर दी थी कि उसकी पुत्री 31 जुलाई 2026 से लापता है। परिजनों की खोजबीन के बाद पता चला कि प्रवेश कुमार उर्फ राजू राजभर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

मामले में गुमशुदा युवती को पुलिस ने पहले ही सकुशल बरामद कर लिया था। युवती की बरामदगी के बाद से पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।

पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रवेश कुमार ने बताया कि वह युवती को पहले से जानता था और दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। उसने कहा कि वे शादी करना चाहते थे, इसलिए वह युवती को अपने साथ ले गया था। हालांकि, मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने पर युवती अपने घर वापस लौट गई थी।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular