चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – अभिषेक सोनकर

वाराणसी के मध्यमेश्वर वार्ड से सपा पार्षद भइया लाल यादव पर एक विधवा महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि पार्षद उसे लगातार फोन कर बात करने का दबाव बनाते हैं। बात नहीं करने पर खुदकुशी करने की धमकी देते हैं। पुलिस ने महिला की तहरीर पर बीएनएस की धारा 78(2) में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिता की बीमारी में की थी आर्थिक मदद
महिला ने पुलिस को बताया कि करीब आठ साल पहले उसके पिता की तबीयत खराब थी। उस दौरान पार्षद भइया लाल यादव ने आर्थिक मदद की थी। इसके बाद उनका उसके घर आना-जाना शुरू हो गया। महिला के मुताबिक, पार्षद उससे फोन पर भी बातचीत करते थे। महिला का आरोप है कि उस समय उसे पार्षद की नीयत पर कोई संदेह नहीं था, लेकिन अब वह लगातार उस पर बात करने का दबाव बना रहे हैं।
‘बात नहीं करोगी तो जान दे दूंगा’
महिला ने आरोप लगाया कि पार्षद अक्सर उसे फोन करते हैं और बातचीत करने के लिए दबाव बनाते हैं। वह बात करने से इनकार करती है तो पार्षद कथित तौर पर कहते हैं कि अगर वह उनसे बात नहीं करेगी तो वह अपनी जान दे देंगे। महिला ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 78(2) में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपों के संबंध में पार्षद से भी पूछताछ की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



