चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
क्राइम ब्यूरो – पंकज भाटिया

शिवपुर थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ शादी का झांसा देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने और अश्लील वीडियो व चैट बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार महिला की बेटी की जन्मतिथि 31 अगस्त 2010 है और वह कक्षा 11 की छात्रा है। वह स्कूल की छुट्टी के बाद सदर बाजार स्थित अपने ननिहाल में रहती थी। आरोप है कि करीब दो वर्ष पूर्व ननिहाल के पास रहने वाले सुमित श्रीवास्तव ने छात्रा पर नजर रखना शुरू किया और बातचीत के लिए परेशान करने लगा। बाद में मोबाइल नंबर हासिल कर अश्लील मैसेज भेजने और साथ घूमने-फिरने के लिए दबाव बनाने का आरोप है।
पीड़िता की मां के अनुसार बेटी ने जब इसकी जानकारी दी तो उन्होंने आरोपी को समझाया। इसके बावजूद उसकी हरकतें जारी रहीं। आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए और अश्लील वीडियो भी बना लिया। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी घर में घुसकर भी पीड़िता के साथ जबरदस्ती करता था।
महिला का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी अश्लील वीडियो, फोटो और चैट सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा पीड़िता के माता-पिता व दोस्तों को भेजने की धमकी देता था। चार सितंबर को कोचिंग जाते समय आरोपी द्वारा उसे एक होटल में ले जाकर जबरन प्राकृतिक और अप्राकृतिक संबंध बनाने का भी आरोप लगाया गया है।
तहरीर के मुताबिक 10 सितंबर को मां ने बेटी को मोबाइल पर रोते हुए देखा और मोबाइल लेकर चैट देखी। सख्ती से पूछताछ करने पर छात्रा ने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार ने शिवपुर थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता की मां ने रविवार को शिवपुर थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई। शिवपुर थानाध्यक्ष अजीत वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



