चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – रोहित गुप्ता

वाराणसी में रचना फाउंडेशन, मिशन शक्ति एवं राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में कैंसर से बचाव के प्रति जागरूकता और बेटियों की सुरक्षा विषय पर सेमिनार आयोजित किया गया। महाविद्यालय के महर्षि चरक सभागार में हुए कार्यक्रम की शुरुआत भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा पर माल्यार्पण और छात्राओं के स्वागत गीत से हुई। मुख्य अतिथि एवं वक्ता पूर्व अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग डॉ. दिवाकर सिंह ने कैंसर के बढ़ते खतरे और बीमारी के प्रति जागरूकता की कमी पर चिंता जताई।
ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर
विशिष्ट अतिथि समाजसेवी एवं उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सेठ ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में लोग कैंसर को लेकर कुछ हद तक जागरूक हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने रचना फाउंडेशन से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने का आग्रह किया। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य एवं अधीक्षक प्रो. डीके मौर्य ने कहा कि सरकार भी विभिन्न आयोजनों के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रही है।

महिलाओं को खुद के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सीख
संस्था के संस्थापक एवं समाजसेवी धीरज सिन्हा ने कहा कि कैंसर आम बीमारी बनती जा रही है, लेकिन जानकारी के अभाव में लोग गलत इलाज के चक्कर में अपनी जान गंवा देते हैं। डॉ. अंजना सक्सेना ने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की। संचालन डॉ. अर्पिता मिश्रा ने किया। इस दौरान डॉ. दिवाकर सिंह, प्रो. डीके सिंह, डॉ. अंजना सक्सेना, प्रो. संजय कुमार पांडेय, प्रो. शशि सिंह, प्रो. अवधेश कुमार सरोज, डॉ. मनीष मिश्रा, धीरज सिन्हा, शत्रुघ्न सिंह ‘सनी’ और पारसनाथ यादव समेत शिक्षक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।




