चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
क्राइम ब्यूरो – पंकज भाटिया

वाराणसी के मिर्जामुराद में शनिवार भोर दर्शनार्थियों से भरी बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस सवार 20 यात्री घायल हो गए। बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसा मेंहदीगंज में कोका-कोला कंपनी के सामने NH-19 पर हुआ। बस पश्चिम बंगाल के यात्रियों को लेकर वृंदावन से लौट रही थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। सभी को एंबुलेंस से आराजी लाइन स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। हादसे में किसी की जान नहीं गई।

चालक को आई झपकी, ट्रक से टकराई बस
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के अलग-अलग जिलों के यात्री बस से वृंदावन दर्शन-पूजन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी अपने घर लौट रहे थे।
शनिवार भोर करीब 3 बजे बस प्रयागराज-वाराणसी लेन पर मेंहदीगंज स्थित कोका-कोला कंपनी के सामने पहुंची। इसी दौरान चालक को झपकी आ गई।
बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस के अंदर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

20 यात्रियों को आई चोटें
हादसे में दुर्गा कांड, मौली, सुख विश्वास, संपोंडांस, विश्वजीत साह, नोमिता वाला, झुमरानी विशेष, स्माली साघोराई, सपना मित्रों, शुक्ला विश्वास, सिजोई हद्रो, ज्योति प्रिय भद्रो, शकुन, पायो प्रदीप देय, लोक्खी घोष, शेफाली दास, गुरुदसी सरकार, गौरी शंकर सरकार, माला सोदार और पूर्णिमा घायल हो गए। सभी पश्चिम बंगाल के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
सूचना पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकलवाया गया। इसके बाद एंबुलेंस से सभी को आराजी लाइन स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। बस में सवार अन्य यात्रियों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाया। हादसे में किसी यात्री की मौत नहीं हुई।



