HomeUncategorizedवाराणसी में कृष्णा अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर लगी आग: महिला झुलसी,...

वाराणसी में कृष्णा अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर लगी आग: महिला झुलसी, दोनों बच्चों को सुरक्षित निकाला; एक घंटे में पाया काबू

चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
यूपी हेड – अजय लखमानी

वाराणसी के भेलूपुर स्थित जवाहर नगर कॉलोनी के कृष्णा अपार्टमेंट में शनिवार सुबह 5 बजे आग लग गई। तीसरी मंजिल के बंद फ्लैट से उठी लपटें डक्ट के रास्ते चौथी और पांचवीं मंजिल तक पहुंच गईं।

आग की चपेट में आने से पांचवीं मंजिल पर रहने वाली एक महिला झुलस गईं। उनके दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

दमकल और NDRF की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। महिला को इलाज के लिए BHU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

बंद फ्लैट में लगी थी आग

आग चेतमणि चौराहे के पास जवाहर नगर कॉलोनी स्थित कृष्णा अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर लगी। फ्लैट बंद था और उसके मालिक घर पर मौजूद नहीं थे। सुबह करीब 5 बजे फ्लैट से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।

धुआं देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में अपार्टमेंट के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई।

डक्ट से चौथी और पांचवीं मंजिल तक पहुंची लपटें

अपार्टमेंट के डक्ट से आग तेजी से ऊपर फैल गई। तीसरी मंजिल से उठी लपटें चौथी और फिर पांचवीं मंजिल तक पहुंच गईं। पूरी बिल्डिंग में धुआं भर गया। इससे ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोगों में अफरातफरी मच गई।

पांचवीं मंजिल पर रहने वाली एक महिला आग की चपेट में आ गईं। उनका हाथ झुलस गया। हादसे के समय उनके बेटा और बेटी भी फ्लैट में मौजूद थे। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

महिला को एंबुलेंस से BHU ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। वहां उनका इलाज चल रहा है।

एक घंटे में आग पर पाया काबू

दमकल और NDRF की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई। इसके बाद कूलिंग का काम शुरू किया गया। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई थी।

शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular