HomeUncategorizedकाशी की सफाई के लिए दीपावली पर 8 हजार कर्मचारी: 24 घंटे...

काशी की सफाई के लिए दीपावली पर 8 हजार कर्मचारी: 24 घंटे चलेगा अभियान; आम दिनों के मुकाबले दोगुना कचरा निकल रहा

चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
यूपी हेड – अजय लखमानी

काशी में दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज को लेकर रौनक बढ़ गई है। त्योहारों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में शहर को साफ-सुथरा रखना नगर निगम के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

इसे देखते हुए नगर निगम ने सफाई व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। करीब 8 हजार सफाईकर्मियों को तीन शिफ्टों में लगाया गया है। घाटों, मंदिरों, बाजारों और प्रमुख सड़कों पर दिन-रात सफाई कराई जा रही है।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए सफाई व्यवस्था का पूरा खाका तैयार किया गया है। कर्मचारी 24 घंटे सफाई अभियान में जुटे हैं, ताकि सुबह होते ही शहर साफ नजर आए।

आम दिनों के मुकाबले दोगुना हुआ कचरा

संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि त्योहारों पर बाजारों में बढ़ी भीड़ और घरों में साफ-सफाई के कारण कचरे की मात्रा बढ़ गई है। सामान्य दिनों में शहर से प्रतिदिन करीब 1000 से 1200 टन कूड़ा निकलता था, लेकिन दीपावली और अन्य त्योहारों के चलते यह मात्रा बढ़कर करीब 2000 टन प्रतिदिन पहुंच गई है। कचरे की बढ़ी मात्रा को देखते हुए नगर निगम ने सफाई और उठान के इंतजाम बढ़ा दिए हैं।

तीन शिफ्टों में 8 हजार कर्मचारी तैनात

शहर की सफाई व्यवस्था संभालने के लिए नगर निगम के करीब 7.5 से 8 हजार सफाईकर्मियों को लगाया गया है। इन्हें तीन शिफ्टों में बांटकर काम कराया जा रहा है। दिन और रात की नियमित शिफ्टों के अलावा देर रात और भोर में भी विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। मकसद है कि प्रमुख सड़कों, बाजारों और गलियों में कचरा जमा न हो।

कचरा उठाने वाली गाड़ियों के फेरे बढ़ाए

नगर निगम ने कचरे के त्वरित उठान के लिए वाहनों के फेरे भी बढ़ा दिए हैं। वार्डों और डंपिंग पॉइंट से कचरा उठाकर सीधे प्रोसेसिंग प्लांट भेजा जा रहा है। इससे मुख्य मार्गों, चौराहों और गलियों में कचरा जमा होने की समस्या कम होगी। निगम का प्रयास है कि शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर न लगें।

दीपावली की रात भी घाटों पर होगी सफाई

त्योहारों के दौरान गंगा घाटों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। इसे देखते हुए नगर निगम ने घाटों के लिए विशेष व्यवस्था की है। PRO संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि दीपावली की रात और उसके बाद भी सफाई अभियान जारी रहेगा। उत्सव समाप्त होने के बाद देर रात ही कर्मचारी सफाई में जुट जाएंगे। घाटों, प्रमुख मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

नगर निगम की काशीवासियों से अपील

नगर निगम ने दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज पर काशीवासियों को शुभकामनाएं देते हुए शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग की अपील की है। संदीप श्रीवास्तव ने कहा कि लोग सड़कों और खुले स्थानों पर कूड़ा न फेंकें। त्योहारों के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक और पॉलीथिन का इस्तेमाल करने से बचें। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नगर निगम के साथ नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular