HomeUncategorizedयुवा उत्सव में नशामुक्ति और राष्ट्र निर्माण का संदेश: पूनम मौर्या ने...

युवा उत्सव में नशामुक्ति और राष्ट्र निर्माण का संदेश: पूनम मौर्या ने कहा- नशे से दूर रहें युवा; पांच विधाओं में हुईं प्रतियोगिताएं

चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रीक ब्यूरो – राकेश वलेचा

हरहुआ के कोईराजपुर स्थित संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल में गुरुवार को जनपद स्तरीय युवा उत्सव हुआ। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग, वाराणसी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत इसका आयोजन किया। उत्सव विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 का हिस्सा था। इसकी थीम ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रही।

युवाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए नशामुक्ति, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। जिला पंचायत वाराणसी की प्रशासक पूनम मौर्या ने दीप जलाकर और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम शुरू किया। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी नितीश कुमार राय ने उनका स्वागत किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. नीलम सिंह विशिष्ट अतिथि रहीं। अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

उत्सव में लोकगीत समूह, लोकनृत्य समूह, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन और चित्रकारी की प्रतियोगिताएं हुईं। जिले के अलग-अलग इलाकों से आए युवाओं ने इनमें हिस्सा लिया।

लोकनृत्य में संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल की अंशिका सिंह एंड टीम प्रथम और पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मलदहिया की परी खरवार एंड टीम द्वितीय रहीं। लोकगीत में स्वाति एंड टीम प्रथम और शुभांगिनी एंड टीम द्वितीय रहीं। नुक्कड़ नाटक में दीपिका यादव एंड टीम ने पहला स्थान पाया।

चित्रकारी में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के सागर कल्याण प्रथम और संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल की दिव्या द्वितीय रहीं। कविता लेखन में अपराजिता सिंह प्रथम और दिव्यांशी राय द्वितीय रहीं।

प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए निर्णायक मंडल बनाया गया था। इसमें डॉ. रजनी द्विवेदी, सुनीता पाण्डेय, अमित गुप्ता, अमन सिद्धार्थ और जितेंद्र पाण्डेय शामिल थे।

पूनम मौर्या ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, अपनी ऊर्जा रचनात्मक कामों में लगाने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की अपील की।

कार्यक्रम के आयोजन में विवेक सिंह, वीरेंद्र कुमार, रीना यादव, रागिनी सिंह, वीरेंद्र प्रताप सिंह, हरिशंकर, आनंद, अविनाश, जितेंद्र कुमार यादव और उमराव पाल सहित पीआरडी जवानों, कर्मचारियों, विद्यालय प्रबंधन और प्रतिभागियों ने सहयोग किया। आयोजक विभाग ने अतिथियों और सहयोगियों का आभार जताया।

RELATED ARTICLES

Most Popular