चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक ब्यूरो – राकेश वलेचा

वाराणसी के नदेसर वार्ड स्थित मलदहिया चौराहे पर भाजपा ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर दुग्धाभिषेक और जलाभिषेक किया। इसके बाद पुष्पांजलि अर्पित कर उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में भाजपा ओबीसी मोर्चा की प्रदेश महामंत्री ज्योति सोनी ने कहा कि सरदार पटेल ने देशी रियासतों का एकीकरण कर भारत को एकजुट और मजबूत राष्ट्र बनाने में भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण आज भी देशवासियों को प्रेरित करता है।
ज्योति सोनी ने कहा कि सरदार पटेल के आदर्श अपनाकर समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारा मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संकल्प पूरा करने के लिए सभी से मिल-जुलकर काम करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन अनुशासन, राष्ट्रसेवा और सामाजिक एकता की प्रेरणा देता है। ऐसे कार्यक्रमों से नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और योगदान के बारे में जानने का मौका मिलता है। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की एकता और अखंडता मजबूत करने का संदेश दिया।




