चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
क्राइम ब्यूरो – पंकज भाटिया

वाराणसी के गंगापुर में पिता की पेंशन और जमीन बेचने से मिले पैसों को लेकर हुए विवाद में गंगापुर में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। आरोप है कि छोटे भाई सुभाष यादव ने अपने बड़े भाई नंदा यादव पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे दो भतीजे दीपक यादव और सावन यादव भी चाकू लगने से घायल हो गए। तीनों घायलों का बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। वहीं, आरोपी सुभाष यादव को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है।
घटना सोमवार शाम करीब पांच बजे महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गंगापुर परिसर के सामने स्थित हनुमान मंदिर के पास हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार में पिता की पेंशन और जमीन बिक्री से प्राप्त धन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर सुभाष यादव और उसके बड़े भाई नंदा यादव के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद के दौरान सुभाष ने नंदा यादव पर चाकू से हमला कर दिया। पिता पर हमला होते देख बीच-बचाव करने पहुंचे दीपक यादव और सावन यादव को भी चाकू मारकर घायल कर दिया गया।
सुबह से ही परिवार में विवाद होने की बात आई सामने
परिजनों के अनुसार, सुभाष यादव सोमवार सुबह से ही शराब के नशे में परिवार के सदस्यों से विवाद कर रहा था। दोपहर में विवाद की सूचना 112 नंबर पर दी गई थी, जिसके बाद पुलिस की आपातकालीन सेवा मौके पर पहुंची। इसके बावजूद विवाद पूरी तरह शांत नहीं हुआ और शाम को मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया।
तीनों घायलों का बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज
चाकूबाजी में नंदा यादव, दीपक यादव और सावन यादव घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहीं, आरोपी सुभाष यादव को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है। घटना के बाद आरोपी के घर पर ताला लटका होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।





