चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो चीफ – प्रदीप साह

वाराणसी में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग तेज होने लगी है। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में आठ साल बाद छात्रसंघ चुनाव कराने के फैसले के बाद अब बीएचयू के छात्र भी परिसर में लोकतांत्रिक व्यवस्था बहाल करने की मांग उठा रहे हैं।
गुरुवार को छात्र प्रतिनिधियों ने छात्र अधिष्ठाता को ज्ञापन सौंपकर विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग की। इसके लिए प्रशासन को 27 अक्टूबर तक का समय दिया गया है।
छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय में छात्रसंघ नहीं होने से विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रशासन के सामने प्रभावी तरीके से रखने के लिए निर्वाचित प्रतिनिधि उपलब्ध नहीं हैं। छात्रसंघ की बहाली से विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच संवाद मजबूत होगा और रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी।
हॉस्टल से लाइब्रेरी तक की समस्याएं उठाईं
ज्ञापन में छात्रों ने कहा कि छात्रसंघ नहीं होने से विद्यार्थियों की रोजमर्रा की समस्याओं को प्रशासन के सामने प्रभावी तरीके से रखने के लिए निर्वाचित प्रतिनिधि उपलब्ध नहीं हैं। हॉस्टल आवंटन, मेस में भोजन की गुणवत्ता, लाइब्रेरी के समय, वाई-फाई और साइबर लाइब्रेरी जैसी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान उनकी प्रमुख जरूरतों में शामिल है।
छात्रों के मुताबिक, इन मुद्दों पर प्रशासन और विद्यार्थियों के बीच नियमित संवाद की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि समस्याओं का समय पर निस्तारण किया जा सके। उनका कहना है कि छात्रसंघ विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच संवाद का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है।
लिंगदोह समिति के नियमों के तहत चुनाव कराने की मांग
छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से लिंगदोह समिति की सिफारिशों के अनुरूप निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग की है। इसके लिए चुनाव की समय-सारणी तत्काल घोषित करने और पूरी प्रक्रिया को स्पष्ट करने की बात कही गई है।
इसके अलावा, चुनाव होने तक विद्यार्थियों की तात्कालिक समस्याओं के समाधान के लिए छात्र-प्रशासनिक समिति गठित करने का प्रस्ताव भी रखा गया है। छात्रों का कहना है कि इस समिति में विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित होने से उनकी समस्याएं प्रशासन तक पहुंच सकेंगी और समाधान की प्रक्रिया तेज हो सकती है।
हमारी प्रमुख मांगें :
विश्वविद्यालय प्रशासन तत्काल प्रभाव से लिंगदोह समिति के दिशानिर्देशों के तहत BHU छात्र संघ चुनाव कराने की समय-सारणी घोषित करे।
निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।
चुनाव होने तक छात्रों की तात्कालिक समस्याओं के निवारण हेतु एक छात्र-प्रशासनिक समिति का गठन किया जाए।




