HomeUncategorizedमार्ग संकेतक के अभाव में मैजिक डिवाइडर से टकराकर पलटी: काजीसराय ओवरब्रिज...

मार्ग संकेतक के अभाव में मैजिक डिवाइडर से टकराकर पलटी: काजीसराय ओवरब्रिज के पास हादसा, सर्विस लेन के गड्ढों से भी बढ़ा खतरा

चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – सत्यम गुप्ता

हरहुआ में काजीसराय ओवरब्रिज के पास गुरुवार रात करीब 8:45 बजे एक मैजिक डिवाइडर से टकराकर सर्विस लेन में पलट गई। यह हादसा मार्ग संकेतक और रिफ्लेक्टर नहीं होने के कारण हुआ। मैजिक चालक को हल्की चोटें आईं। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सर्विस लेन पर आवाजाही रुक गई थी।

मैजिक जौनपुर से जूता-चप्पल का सामान लेकर वाराणसी जा रही थी। काजीसराय ओवरब्रिज के पास ओवरब्रिज पर चढ़ने या सर्विस लेन पर जाने का कोई साफ संकेतक नहीं था। रात में रिफ्लेक्टर और पर्याप्त रोशनी नहीं होने से चालक विनोद कुमार को रास्ता ठीक से नहीं दिखा। इसी वजह से मैजिक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई।

हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने वाहन में फंसे चालक को बाहर निकाला। चालक को मामूली चोटें आई थीं। प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि काजीसराय ओवरब्रिज के पास मार्ग संकेतक और रोशनी की कमी के कारण लंबे समय से हादसे हो रहे हैं। लोगों के मुताबिक, ओवरब्रिज पर चढ़ते समय कई बार गाड़ियां दुर्घटनाग्रस्त हो चुकी हैं। लेकिन संबंधित विभाग ने अभी तक पर्याप्त संकेतक, रिफ्लेक्टर और रोशनी का इंतजाम नहीं किया है।

इसके अलावा, सर्विस लेन में जगह-जगह बड़े गड्ढे भी हादसों की वजह बन रहे हैं। बारिश में इन गड्डों में पानी भर जाता है, जिससे वाहन चालकों को उनकी गहराई का पता नहीं चलता। गड्डों से बचने की कोशिश में कई बाइक सवार गिरकर घायल हो चुके हैं।

स्थानीय लोगों ने एनएचएआई और सड़क बनाने वाली कंपनी से मांग की है कि जल्द से जल्द मार्ग संकेतक, रिफ्लेक्टर और रोशनी की व्यवस्था ठीक की जाए। साथ ही, सर्विस लेन के गड्ढों को भरकर सड़क को ठीक किया जाए, ताकि भविष्य में बड़े हादसों से बचा जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular