चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – सत्यम गुप्ता

वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में स्थित एक आंगनबाड़ी केंद्र में चोरी का मामला सामने आया है। रात के समय केंद्र का दरवाजा तोड़कर सामान चुरा लिया गया। आंगनबाड़ी कार्यकत्री का आरोप है कि घटना के 10 दिन बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
आंगनबाड़ी कार्यकत्री नंदिता यादव ने चौबेपुर थानाध्यक्ष को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि यह घटना 7 सितंबर 2026 की रात हुई थी। अज्ञात चोरों ने केंद्र का दरवाजा तोड़कर अंदर रखा सामान चुरा लिया।
चोरी हुए सामान में टीवी सेट, 24 कुर्सियां, किताबें, रजिस्टर, खिलौने, इनवर्टर, पानी के गिलास, बाल्टी, वजन मशीन, केंद्र चार्ट और सफाई से जुड़ी अन्य सामग्री शामिल है।
नंदिता यादव के अनुसार, घटना की जानकारी तुरंत 112 नंबर पर दी गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। इसके बाद 8 सितंबर को चौबेपुर थाने में लिखित शिकायत भी दी गई थी।
कार्यकत्री नंदिता यादव का आरोप है कि शिकायत के करीब 10 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों से जुड़ी जरूरी चीजें रखी थीं। चोरी होने से केंद्र का काम प्रभावित हो रहा है।
नंदिता यादव ने पुलिस अधिकारियों से इस घटना पर ध्यान देने, चोरी की जांच कराने, मुकदमा दर्ज करने और चोरी हुआ सामान बरामद करने की मांग की है।



