चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – सत्यम गुप्ता

वाराणसी में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को निःशुल्क मार्गदर्शन और सहयोग देने के लिए नोडल प्रतियोगी परीक्षा केंद्र (NCCE) स्थापित किया है। केंद्र के माध्यम से सिविल सेवा, बैंकिंग, सशस्त्र बलों समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को शैक्षणिक मार्गदर्शन, परामर्श और दिशा-निर्देशन उपलब्ध कराया जाएगा। केंद्र से जुड़ी पहल के तहत अब तक भारतीय सेना और सशस्त्र बलों में अधिकारी पदों पर एक दर्जन से अधिक विद्यार्थियों का चयन हो चुका है। करीब एक माह पहले भी केंद्र से जुड़े तीन विद्यार्थियों का असिस्टेंट कमांडेंट पद के लिए चयन हुआ था।
सशस्त्र बलों की परीक्षाओं पर विशेष फोकस
केंद्र की ओर से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पूरी तरह निःशुल्क मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इसकी गतिविधियां प्रायोजित अनुसंधान एवं औद्योगिक परामर्श प्रकोष्ठ (SRICC) के माध्यम से परियोजना आधारित व्यवस्था के तहत संचालित होंगी।
इस पहल के लिए छात्र अधिष्ठाता को प्रधान अन्वेषक (PI) नामित किया गया है। केंद्र के संचालन में वाणिज्य संकाय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अवधेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका है। डॉ. सिंह भारतीय सेना में सेवा दे चुके हैं और उनकी पहल पर विद्यार्थियों को सशस्त्र बलों की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन मिल रहा है।

विद्यार्थियों को नेतृत्व के लिए तैयार करना लक्ष्य कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि विश्वविद्यालय की शिक्षा विद्यार्थियों को केवल विश्वविद्यालय से बाहर के जीवन के लिए तैयार करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन्हें देशभर में नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभाने में सक्षम बनाना चाहिए। राष्ट्रसेवा की आकांक्षा रखने वाले विद्यार्थियों को लक्ष्य तक पहुंचने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सुव्यवस्थित सहयोग मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र से लगातार हो रहे चयन विश्वविद्यालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विकसित हो रही प्रभावी मार्गदर्शन व्यवस्था का संकेत हैं।




