HomeUncategorizedवाराणसी में एयरपोर्ट रनवे के सामने मिला अज्ञात का शव: ट्रक चालक...

वाराणसी में एयरपोर्ट रनवे के सामने मिला अज्ञात का शव: ट्रक चालक या खलासी होने की आशंका, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा

चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
क्राइम ब्यूरो – पंकज भाटिया

वाराणसी-लखनऊ नेशनल हाईवे पर बाबतपुर चौराहे से करीब 50 मीटर आगे जौनपुर की ओर एयरपोर्ट रनवे के ठीक सामने बुधवार दोपहर नाले में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। फुलपुर थाना क्षेत्र में शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

ग्रामीणों ने दोपहर करीब तीन बजे नाले में शव पड़ा देखा था। उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। बाबतपुर पुलिस चौकी के कार्यवाहक इंचार्ज मोहम्मद कमालुद्दीन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मृतक की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

जिस जगह शव मिला है, वह एयरपोर्ट रनवे के सामने का सुनसान इलाका है। आसपास नाले की ओर लोगों की आवाजाही भी कम रहती है। बताया जा रहा है कि नो-एंट्री के दौरान हाईवे पर ट्रक चालक अक्सर इसी इलाके में वाहन खड़ा कर भोजन करते हैं। ऐसे में आशंका है कि मृतक कोई ट्रक चालक या खलासी हो सकता है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष लग रही है। उसकी जेब से ऐसा कोई सामान या दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान तुरंत हो सके।

पुलिस यह भी आशंका जता रही है कि मृतक सामान लेने या किसी काम से नाले के पास गया हो और किसी तरह उसमें गिर गया हो। लगातार बारिश के कारण नाले की ओर किसी का ध्यान नहीं गया, जिससे समय रहते मदद नहीं मिल सकी। हालांकि उसकी मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी रहस्य बना हुआ है। कार्यवाहक चौकी इंचार्ज मोहम्मद कमालुद्दीन ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए पूछताछ की जा रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular