चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रीक रिपोर्टर – धनेश बदलानी

बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ पुलिस चौकी अंतर्गत सातो महुआ के पास रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। इंडियन ऑयल के एक टैंकर के गलत दिशा से आने के कारण चार अन्य वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, सातो महुआ के पास इंडियन ऑयल का टैंकर गलत दिशा (रांग साइड) से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे और आसपास के वाहनों के बीच टक्कर हो गई। दुर्घटना में क्वीन गाड़ी संख्या UP 65 CY 4352, कंटेनर संख्या UP 70 KT 4257 और मैजिक संख्या UP 65 PT 7726 सहित कुल चार वाहन शामिल थे।
टक्कर के बाद सड़क पर वाहनों के रुक जाने से कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही हरहुआ चौकी प्रभारी विवेकानंद त्रिवेदी और उपनिरीक्षक रवि कुमार सहित पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया। पुलिस की तत्परता से सड़क पर लगा जाम खुलवाया गया और वाहनों का आवागमन सुचारू रूप से शुरू हो सका।
हरहुआ चौकी प्रभारी विवेकानंद त्रिवेदी ने बताया कि दुर्घटना के बाद सभी वाहनों को मौके से हटा दिया गया है। उन्होंने पुष्टि की कि हादसे में शामिल सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। पुलिस मामले की आवश्यक जानकारी जुटा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर भारी वाहनों के गलत दिशा से आवागमन के कारण इस तरह की दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों ने पुलिस और संबंधित विभाग से गलत दिशा में वाहनों के संचालन पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।



