चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो – राकेश सदेजा

वाराणसी में 20 सितंबर को सोनार महासमागम का आयोजन होगा। जिसमें काशी के सोनार समाज की सभी स्वजातीय संस्थाएं भाग लेंगी। रविवार को छत्तातले नारियल बाजार स्थित लालू सेठ के मां दुर्गा भवन में स्वर्णकार भारती सेवा संस्थान की जिला इकाई की बैठक हुई, जिसमें महासमागम की तैयारियों और समाज की भागीदारी पर चर्चा की गई।
संस्थान के राष्ट्रीय चेयरमैन रवि सर्राफ ने कहा कि यह महासमागम पूरे सोनार समाज का है, किसी व्यक्ति विशेष का नहीं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों और संस्थाओं से कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की अपील की। जिलाध्यक्ष व पूर्व पार्षद किशोर सेठ ने कहा कि यह सम्मेलन 1996 के बाद काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरती पर सोनार समाज का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन होगा। उन्होंने कहा कि काशी में कार्यरत सभी स्वजातीय संस्थाओं को महासमागम में शामिल किया जाएगा।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि महासमागम में समाज के मुद्दों को स्पष्ट रूप से उठाया जाना चाहिए। समाज के निचले पायदान पर जीवनयापन करने वाले लोगों और युवाओं को भी आयोजन से जोड़ने पर जोर दिया गया। उपस्थित लोगों ने हाथ उठाकर महासमागम के समर्थन का संकल्प लिया।
बैठक का संचालन जिलाध्यक्ष किशोर सेठ ने किया, जबकि जिला महासचिव अरुण सोनी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। बैठक के दौरान फूलपुर निवासी भानु प्रकाश सेठ के पिता रामचंद्र सेठ के निधन पर उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।



