चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – चन्दन रंजीत यादव

वाराणसी के सीएचसी शिवपुर में सांप काटने के एक मरीज को कथित तौर पर एंटी-वेनम उपलब्ध न होने के कारण इलाज से मना कर दिया गया। शिवपुर के होलापुर निवासी आदर्श मिश्रा को शनिवार रात करीब 8 बजे सांप ने काट लिया था, जिसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे।

परिजनों ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर वहां मौजूद स्टाफ ने कहा कि सांप काटने का इलाज नहीं हो सकता, क्योंकि अस्पताल में एंटी-वेनम डोज उपलब्ध नहीं है। स्टाफ ने मरीज को दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल जाने को कहा।
इसके बाद परिजन घायल आदर्श मिश्रा को दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मामले में सीएचसी शिवपुर के चिकित्सक डॉ. मनोज दुबे ने बताया कि अस्पताल में नया स्टाफ आया है और उसे यह जानकारी नहीं थी कि अस्पताल में एंटी-वेनम डोज उपलब्ध है या नहीं।
मरीज के परिजन अक्षय मिश्रा ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि दीनदयाल अस्पताल ले जाते समय कोई अनहोनी हो जाती तो इसका जिम्मेदार कौन होता। परिजनों ने इस मामले की शिकायत मुख्य चिकित्सा अधिकारी से करने की बात कही है।



