चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक ब्यूरो – राकेश वलेचा

वाराणसी के राजातालाब तहसील में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे नवनियुक्त तहसीलदार न्यायिक बृजेश कुमार सिंह ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। उन्होंने पदभार संभालने के बाद तहसील के अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और न्यायिक कार्यों की जानकारी ली।
बृजेश कुमार सिंह को अपर जिलाधिकारी प्रशासन पंकज कुमार द्वारा बीते 27 अगस्त को नवीन तैनाती प्रदान की गई थी। उनके साथ राजातालाब के आठ अन्य राजस्व अधिकारियों को भी अपने पदों के दायित्वों के साथ अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था।
इस अवसर पर नेशनल मीडिया हेल्पलाइन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस के श्रीवास्तव विकास और रेवेन्यू बार अध्यक्ष राजातालाब एडवोकेट शिवम पांडेय सहित कई अधिवक्ताओं ने तहसीलदार न्यायिक बृजेश कुमार सिंह का माल्यार्पण कर स्वागत किया। अधिवक्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके कार्यकाल में तहसील से संबंधित न्यायिक मामलों का समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से निस्तारण होगा।
तहसीलदार न्यायिक बृजेश कुमार सिंह ने इस मौके पर कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप राजस्व एवं न्यायिक मामलों के निस्तारण में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार उनका समाधान कराने पर विशेष जोर देने की बात कही।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने तथा तहसील में आने वाले फरियादियों के साथ उचित व्यवहार करने की अपील की। इस मौके पर पत्रकार संघ अध्यक्ष एस के श्रीवास्तव विकास, रेवेन्यू बार अध्यक्ष राजातालाब एडवोकेट शिवम पांडेय, एडवोकेट शिवाजी पांडेय, एडवोकेट देवेन्द्र यादव और एडवोकेट सुनील कुमार पटेल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।



