HomeUncategorizedहोटल के कमरे में महाराष्ट्र के श्रद्धालु का मिला शव: वाराणसी दर्शन-पूजन...

होटल के कमरे में महाराष्ट्र के श्रद्धालु का मिला शव: वाराणसी दर्शन-पूजन के लिए आया था, दरवाजा नहीं खुलने पर कर्मचारियों को चला पता

चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक रिपोर्टर – धनेश बदलानी

वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र में रोडवेज के समीप स्थित होटल विजय के एक कमरे में शुक्रवार को महाराष्ट्र निवासी करीब 50 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। होटल कर्मचारियों की सूचना पर सिगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान बृज गोपाल दुबे के रूप में बताई जा रही है। वह वाराणसी दर्शन-पूजन के लिए आने की बात बताकर होटल में ठहरा था। पुलिस फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट करने में जुटी है।

अब पढ़िए पूरा मामला

होटल के मैनेजर जामवंत यादव के मुताबिक, बृज गोपाल दुबे 4 दिन पहले होटल आए थे। उन्होंने होटल के कमरा नंबर चार में ठहरने की व्यवस्था की थी। होटल कर्मचारियों को उन्होंने बताया था कि वह महाराष्ट्र के रहने वाले हैं और मिर्जापुर की ओर से वाराणसी आए हैं। पूछताछ के दौरान उन्होंने दवा अथवा उपचार के सिलसिले में आने की बात भी बताई थी।

युवक बिस्तर पर पड़ा था

मैनेजर के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 6 बजे होटल कर्मचारी कमरे का भुगतान लेने के लिए उनके कमरे पर पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

इसके बाद कर्मचारियों ने पीछे की ओर स्थित खिड़की से कमरे के भीतर देखने का प्रयास किया। युवक बिस्तर पर पड़े दिखाई दिए, लेकिन आवाज देने और जगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

स्थिति संदिग्ध लगने पर होटल कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में सिगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे की जांच करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

थाना अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि युवक की मौत किस वजह से हुई, इसकी जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।

होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि युवक के होटल में आने-जाने और उसके संपर्क में आए लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस होटल के रजिस्टर और कमरे से संबंधित अन्य जानकारी भी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक होटल में कितने दिनों से ठहरा था और घटना से पहले उसकी गतिविधियां कैसी थीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular