चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक ब्यूरो – राकेश वलेचा

वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी को शुक्रवार को सुईचक गांव से पकड़ा गया और बाद में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, किशोरी के परिजनों ने 21 अगस्त, 2026 को रोहनिया थाने में तहरीर दी थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि हर्सीपुर क्षेत्र निवासी प्रदीप राम ने किशोरी से परिचय बढ़ाया और उसका मोबाइल नंबर हासिल कर लिया।
तहरीर के मुताबिक, प्रदीप राम ने किशोरी को शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया। 16 अगस्त की रात करीब 10 बजे उसने फोन कर किशोरी को घर से बाहर बुलाया और बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
अगले दिन सुबह किशोरी के घर पर न मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली। बाद में उन्हें जानकारी मिली कि आरोपी ही किशोरी को अपने साथ ले गया है।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी इससे पहले भी एक बार किशोरी को अपने साथ ले जा चुका था। जब परिजनों ने आरोपी के परिवार से संपर्क किया, तो कथित तौर पर किशोरी की शादी आरोपी से कराने का दबाव बनाया गया।
21 अगस्त को रोहनिया थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने किशोरी की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म की धारा भी जोड़ी गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी प्रदीप राम को शुक्रवार को रोहनिया थाना क्षेत्र के सुईचक गांव से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



