HomeUncategorizedवाराणसी में दोस्तों ने शराब पिलाकर युवक का गला काटा: बोरे में...

वाराणसी में दोस्तों ने शराब पिलाकर युवक का गला काटा: बोरे में शव भरकर गोबर में दबाया, बरामदगी में फेल पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा

चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – सत्यम गुप्ता

Oplus_16908288

वाराणसी में 16 दिन से लापता युवक की उसके ही दोस्तों ने हत्या कर दी। पहले सब ने शराब पी। उसके बाद उसकी पिटाई की। जब वह लहूलुहान होकर अधमरा हो गया तो गला रेतकर मार डाला। हत्या के बाद उसका शव बोरे में भरकर लहरतारा में नाले के पास गोबर में दबा दिया। वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए।
6 अगस्त की रात से लापता युवक की तलाश में परिजन जुटे दर-दर भटकते रहे। पुलिस ने कोई रिपोर्ट भी नहीं लिखी। परिजनों की गुहार पर 11 दिन बाद 17 अगस्त को गुमशुदगी दर्ज हुई। शुक्रवार रात युवक का सड़ा-गला शव नाले के किनारे गोबर के ढेर से बरामद हुआ। युवक के गले पर गहरे घाव थे। शरीर पर भी चोट के निशान थे।

जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घरवालों को जानकारी देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला सिगरा थाना क्षेत्र का है।
अब पूरा मामला विस्तार से जानिए…

Oplus_16908288

सिगरा थाना क्षेत्र के शिवपुरवा इलाके में 19 वर्षीय युवक ईशू कनौजिया की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 6 अगस्त से लापता ईशू का शव पुलिस ने रेलवे क्वार्टर के पास गोबर के ढेर से बरामद होने के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों प्रदीप, रोहित और रामकिशन को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबि तीनों आरोपियों ने 6 अगस्त की रात को ईशू को अपने साथ रेलवे क्वार्टर ले गए। वहां सभी ने शराब पी। जब ईशू नशे में हो गया तो तीनों उसी जगह रखे लोहे की रॉड से ईशू की पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान वह जब अधमरा हो गया तो तीनों दोस्तों ने उसकी हत्या करने की योजना बनाई। इसके बाद धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया।

हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को प्लास्टिक के बोरे में बंद किया गया। उसके बाद रात में ही पास स्थित गोबर के ढेर में दबा दिया और वहां से फरार हो गए।
11 दिन बाद दर्ज हुई गुमशुदगी

ईशू के अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। थाना सिगरा के कई चक्कर लगाए, लेकिन थानेदार ने तलाश के लिए कोई कदम नहीं उठाए बल्कि परिवार को बैरंग लौटा दिया।

इसके बाद 17 अगस्त को सिगरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए संदिग्धों से पूछताछ की तो कड़ियां जुड़ती रहीं। जांच में पता चला कि युवक की हत्या हो गई है और दोस्तों ने मिलकर उसका शव छिपाया है।

घरवालों का कहना है कि लापता होने के बाद पुलिस को अपहरण की आशंका जताते हुए तहरीर दी थी। मगर पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया। अब उसका शव बोरे में मिला है।
गोबर के ढेर से बरामद हुआ शव

पुलिस टीम ने आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर रेलवे क्वार्टर के पास स्थित गोबर के ढेर की तलाशी ली। यहां प्लास्टिक के बोरे में छिपाया गया युवक का शव बरामद हुआ। शव की हालत खराब होने के कारण मौके पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी की और मामले की जांच आगे बढ़ाई।

तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रदीप, रोहित और रामकिशन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने युवक को शराब पिलाने के बाद हत्या करने और शव को बोरे में बंद कर गोबर में छिपाने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह और घटना में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है।

एडीसीपी वैभव बांगर ने बताया कि 6 अगस्त से लापता युवक की गुमशुदगी 17 अगस्त को सिगरा थाने में दर्ज हुई थी। जांच के दौरान तीन अभियुक्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में युवक की हत्या कर शव को बोरे में बंद कर गोबर में छिपाने की बात सामने आई।

पुलिस ने शव बरामद कर लिया है और आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और हत्या के कारणों के साथ-साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular