चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक रिपोर्टर – धनेश बदलानी

हरहुआ (वाराणसी)। बड़ागांव थाना क्षेत्र के वाजिदपुर स्थित रिंग रोड चौराहे पर सोमवार रात हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार की बुधवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान अहरक पश्चिमपुर निवासी पंकज सिंह उर्फ अन्नू (33) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पंकज सिंह हरहुआ चौराहा स्थित एक निजी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के तौर पर कार्यरत थे। सोमवार रात करीब 10:30 बजे वह अस्पताल की सिगरा स्थित दूसरी शाखा जाने के लिए अपने घर अभ्रक पश्चिमपुर से से वाराणसी जा रहे थे। वाजिदपुर स्थित रिंग रोड चौराहे पर पहुंचते ही पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात 16 चक्के वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से पंकज सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल हरहुआ पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें शिवपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण परिजनों ने बाद में उन्हें भिखारीपुर स्थित एपेक्स हॉस्पिटल में स्थानांतरित कर दिया।
एपेक्स हॉस्पिटल में इलाज के दौरान बुधवार रात उनकी मौत हो गई। मृतक पंकज सिंह की पत्नी जूही सिंह (30) का हाल ही में पथरी का ऑपरेशन हुआ था और वह हादसे वाले दिन ही अस्पताल से घर लौटी थीं। उनके परिवार में चार वर्षीय पुत्री सृष्टि सिंह भी है।
इस संबंध में बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें अभी तक घटना के संबंध में कोई जानकारी या लिखित शिकायत (तहरीर) प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।




