चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो चीफ़ – प्रदीप साह

बड़ागांव में एक वरिष्ठ अधिवक्ता को जमीन का बैनामा कराने के बाद जान से मारने की धमकी मिली है। अधिवक्ता ने इस संबंध में बड़ागांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रसूलपुर निवासी अधिवक्ता जितेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके मोबाइल के वॉट्सऐप नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। उस समय वे हरहुआ की ओर जा रहे थे और उनके ड्राइवर मनोज राय ने फोन उठाया। ड्राइवर ने बताया कि फोन करने वाला व्यक्ति गाली-गलौज कर रहा था और उन्हें बुला रहा था।
इसके बाद जितेंद्र तिवारी ने खुद फोन पर बात की। आरोप है कि कॉल करने वाले ने उन्हें गाली देते हुए कहा कि जिस जमीन का बैनामा कराया है, उसे छोड़ दें, अन्यथा जान-माल से हाथ धोना पड़ेगा। बातचीत के दौरान फोन करने वाले ने अपना नाम राहुल अनिल राज त्रिपाठी बताया और फिर कॉल काट दी।

अधिवक्ता ने पुलिस को बताया कि इस धमकी भरे फोन के बाद उन्हें और उनके परिवार को किसी अनहोनी की आशंका है। उन्होंने पहले दूरभाष के माध्यम से सूचना दी थी, लेकिन अब उन्होंने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
थानाध्यक्ष बड़ागांव इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक कौशलेन्द्र धर दुबे को सौंपी गई है।



