चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रीक रिपोर्टर – धनेश बदलानी

वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र के अर्दली बाजार इलाके में बुधवार दोपहर एक चलती बाइक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पूरी बाइक जलकर खाक हो गई। इस घटना के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
नारायणपुर पुराना भट्ठा सिंधोरा रोड, शिवपुर के निवासी रवि प्रजापति (पुत्र राजेंद्र प्रसाद प्रजापति) ने बताया कि वे बिल्डिंग में खिड़की-दरवाजे लगाने का काम करते हैं। बुधवार को वे काम के सिलसिले में महावीर मंदिर की ओर जा रहे थे। दोपहर लगभग 1 बजे उनकी बाइक (नंबर UP65DZ4059) अचानक गर्म होकर बंद हो गई।
रवि प्रजापति ने जब बाइक को दोबारा स्टार्ट करने की कोशिश की, तो उसमें अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैली और पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और आसपास के लोगों से मदद मांगी। इलाकाई लोगों ने बाल्टी के पानी, बालू और दुकान में रखे फायर संयंत्र की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग और भयावह होती गई।
बीच सड़क पर बाइक में आग लगने से दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर कैंट थाने की महिला सब इंस्पेक्टर आरती गौड़ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने तत्काल फायर सर्विस टीम को सूचित किया और इलाकाई लोगों के साथ मिलकर फायर संयंत्र की सहायता से आग पर काबू पाया। आग बुझने तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात सामान्य कराया।




