HomeUncategorizedकस्तूरबा कॉलेज में एसीपी ने ली छात्राओं की क्लास: कहा- डरना नहीं,...

कस्तूरबा कॉलेज में एसीपी ने ली छात्राओं की क्लास: कहा- डरना नहीं, डटकर लड़ना है; दिए सुरक्षा के टिप्स

चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रीक रिपोर्टर – धनेश बदलानी

वाराणसी में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज में एक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण को बढ़ावा देना था।

सहायक पुलिस आयुक्त (कैंट) अपूर्व पाण्डेय ने थाना कैंट क्षेत्र स्थित कॉलेज में उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को संबोधित किया। उन्होंने “बेटियां हैं देश की शान, उनकी शिक्षा और स्वास्थ्य का रखें पूरा ध्यान” विषय पर जागरूक करते हुए महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और उनके अधिकारों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश शासन और उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित योजनाओं और सुविधाओं से अवगत कराया। एसीपी कैंट ने डायल 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1090 (वीमेन पावर हेल्पलाइन), 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन), 102 (स्वास्थ्य सेवा), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन) और 14567 (वरिष्ठ नागरिक हेल्पलाइन) के बारे में बताया। उन्होंने आपातकालीन स्थिति में इन नंबरों से मिलने वाली सहायता की जानकारी दी।

इसके अतिरिक्त, वाराणसी कमिश्नरेट द्वारा शुरू किए गए हेल्पलाइन नंबर 9670705555 के बारे में भी बताया गया।

महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पुलिस एवं संबंधित हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध से बचाव, महिला अपराधों की रोकथाम, घरेलू हिंसा, बाल सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर भी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
एसीपी अपूर्व पाण्डेय ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक, आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। इस जागरूकता कार्यक्रम में एसीपी कैंट अपूर्व पाण्डेय, इंस्पेक्टर कैंट राजकिशोर पाण्डेय, चौकी प्रभारी अर्दली बाजार बलवंत कुमार और कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या पूनम सिंह सहित कॉलेज की छात्राओं ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular