चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – सत्यम गुप्ता

वाराणसी के आदमपुर में शनिवार भोर करीब 3 बजे हमलावरों ने दुकान के बाहर सो रहे तीन लोगों पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। 40 वर्षीय साड़ी कारीगर पप्पू विश्वकर्मा के सिर पर पत्थर से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। पड़ोसी पान दुकानदार अशोक पासी उर्फ बाबा को भी सिर में गंभीर चोटें आईं। अशोक पासी उर्फ बाबा को भी सिर में गंभीर चोटें आईं। तीसरे व्यक्ति गणेशु कनौजिया को मामूली चोट लगी है। वारदात पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई।
हमलावर इतने बेखौफ थे कि बचाने पहुंचे लोगों पर भी ईंट-पत्थर बरसाने लगे। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर भाग गए। वारदात के बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गए।
दुकान के बाहर सो रहे थे तीनों
वारदात आदमपुर के हनुमान फाटक इलाके की है। स्थानीय लोगों के मुताबिक पप्पू विश्वकर्मा साड़ी का पत्ता काटने का काम करता था। शुक्रवार रात काम खत्म करने के बाद वह दुकान के बाहर ही सो गया था। उसके पड़ोस में पान की दुकान चलाने वाले अशोक पासी उर्फ बाबा और गणेशु कनौजिया भी अपनी-अपनी दुकानों के सामने सो रहे थे।
भोर में अचानक हमलावर पहुंचे और तीनों पर पत्थरों से हमला कर दिया। पप्पू के सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अशोक पासी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि गणेशु को मामूली चोट आई।
बचाने पहुंचे लोगों पर भी बरसाए पत्थर
हमले की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा और ईंट-पत्थर चलाने लगे। अचानक हुए हमले से लोग पीछे हट गए। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहांडॉक्टरों ने पप्पू को मृत घोषित कर दिया। अशोक और गणेशु का इलाज कराया गया।
विधायक, एडीसीपी-एसीपी पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही एडीसीपी वैभव बांगर और एसीपी कोतवाली समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके से ईंट-पत्थरों समेत अन्य साक्ष्य जुटाए। पप्पू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।
कुछ दिन पहले हुआ था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले मृतक और उसके साथियों का किसी व्यक्ति से विवाद हुआ था। हालांकि विवाद किससे और किस बात को लेकर हुआ था, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस हमले के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान में जुटी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमलावर कितने थे और वारदात के बाद किस रास्ते से भागे। घटना के बाद हनुमान फाटक इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। एहतियातन क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।




