चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – रोहित चौरसिया

काशी क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी तिरंगा यात्रा और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को धार देगी। भाजपा काशी क्षेत्र के 16 संगठनात्मक जिलों में विशेष मॉनिटरिंग करेगी। पीएम के संसदीय क्षेत्र होने के चलते अभियान को काशी के संगठन की प्राथमिकता माना जा रहा है।
10 से 15 अगस्त तक घर-घर तिरंगा फहराने के आह्वान अभियान की सफलता के लिए क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने क्षेत्र के संयोजक, सह संयोजक समेत कई पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी है। इसके जरिए अब सभी 16 संगठनात्मक जिलों से समन्वय कर अभियान की नियमित मॉनिटरिंग होगी।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘तिरंगा यात्रा’ अभियान को सफल बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी काशी क्षेत्र की क्षेत्रीय टोली की बैठक रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में अभियान की रूपरेखा, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और जनभागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अभियान के प्रभावी संचालन के लिए क्षेत्र अध्यक्ष ने क्षेत्रीय स्तर पर जिम्मेदारियां भी तय की गई। तिरंगा यात्रा के लिए नागेश्वर देव पांडेय को क्षेत्र संयोजक बनाया गया है। वहीं शैलेंद्र मौर्य, नम्रता चौरसिया, अजीत रावत और देवेंद्र मौर्य को क्षेत्र सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
क्षेत्रीय टोली काशी क्षेत्र के सभी 16 संगठनात्मक जिलों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करेगी, ताकि प्रत्येक जिले में कार्यक्रम निर्धारित योजना के अनुरूप सफलतापूर्वक संचालित हो सके। बैठक में कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन का उत्सव बनाने और अधिकतम नागरिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान भी किया गया।
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, एकता, राष्ट्रभक्ति और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता 10 से 15 अगस्त तक व्यापक स्तर पर घर-घर तिरंगा पहुंचाने और प्रत्येक परिवार को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि जब किसी घर पर तिरंगा लहराता है तो वह केवल एक ध्वज नहीं होता, बल्कि उस परिवार की राष्ट्र के प्रति आस्था, सम्मान और समर्पण का प्रतीक बन जाता है। आज करोड़ों भारतीयों का जनअभियान बन चुका है।
10 से 15 अगस्त ‘हर घर तिरंगा’, 10 से 14 अगस्त तक निकलेगी तिरंगा यात्रा
‘हर घर तिरंगा तिरंगा यात्रा’ भाजपा के लिए 10 से 15 अगस्त तक विशेष अभियान होगा। 10 से 14 अगस्त तक तिरंगा यात्राएं तथा 11 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाकर घरों, प्रतिष्ठानों, व्यापारिक संस्थानों एवं कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए जनजागरण किया जाएगा। हालांकि शुरुआत 9 अगस्त को लखनऊ मुख्यालय से निकलने वाली तिरंगा यात्रा से होगी।
6 अगस्त को मंडल योजना बैठकें आयोजित कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। 10 से 12 अगस्त तक प्रत्येक मंडल तथा महानगरों के वार्ड स्तर पर एक से दो किलोमीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इन यात्राओं का नेतृत्व भाजयुमो करेगा, जबकि महिला मोर्चा सहित सभी मोर्चे और प्रकोष्ठ इसमें सहभागी होंगे।
हर घर तक पहुंचने के लिए क्षेत्र, जिला और मंडल स्तर पर टोलियां गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि 13 से 15 अगस्त तक घर-घर संपर्क और जनजागरण कर प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान, व्यापारिक संस्थान एवं कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा।
शहीदों के परिजनों से मिलेंगे कार्यकर्ता
तिरंगा वितरण के दौरान कार्यकर्ता प्रत्येक मंडल में युद्धवीरों, शहीदों के परिजनों और देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारों का सम्मान कर उनके त्याग एवं समर्पण के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी।
12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों, शहीद स्थलों और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही महापुरुषों और शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनका स्मरण किया जाएगा। 13 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों पर तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएंगी।
14 को मौन जुलूस निकालेंगे
क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर सभी जिलों में बैनर एवं प्ले-कार्ड के साथ मौन जुलूस निकाले जाएंगे तथा जिला स्तर पर संगोष्ठियों का आयोजन कर विभाजन की विभीषिका से जुड़े संस्मरण साझा किए जाएंगे। वहीं 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस बूथ से लेकर शक्ति केंद्र, मंडल और घरों तक मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को शाम चार बजे के बाद राष्ट्रीय ध्वज को ससम्मान उतारा जाएगा।




