HomeUncategorizedदोस्त का गला घोंटकर कुएं में फेंका, फिर खुद निकाला: हत्या के...

दोस्त का गला घोंटकर कुएं में फेंका, फिर खुद निकाला: हत्या के प्रयास में पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, गमछा व साड़ियां बरामद

चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक ब्यूरो – राकेश वलेचा

बनारस के मिर्जामुराद में दोस्त की हत्या के प्रयास मामले में आरोपी को शनिवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने पहले दोस्त की हत्या की नीयत से गमछे से उसका गला कसा। फिर मृत समझकर कुएं में फेंक दिया। कुछ देर बाद जब दोस्त ने कुएं से चीखकर बचाने की गुहार लगाई तो आरोपी ने उसे खुद बाहर निकाला था।

अब शुरू से समझिए मामला…

पुलिस के अनुसार, घटना 28 जुलाई की रात की है। आरोप है कि आरोपी अपने दोस्त विवेक कुमार पटेल को बहाने से मेहदीगंज रिंग रोड स्थित एक कुएं के पास ले गया। वहां उसने गमछे से उसका गला कसकर हत्या करने का प्रयास किया। आरोपी ने उसे मृत समझकर कुएं में फेंक दिया।

कुछ देर बाद आरोपी को पता चला कि पीड़ित जीवित है और कुएं से मदद के लिए आवाज लगा रहा है। इसके बाद उसने चार साड़ियों की मदद से उसे कुएं से बाहर निकाला। आरोप है कि बाहर निकालने के बाद उसने पीड़ित को घटना की जानकारी किसी को न देने की धमकी दी और वहां से फरार हो गया।
गमछा व चार साड़ियां बरामद

घर पहुंचने पर पीड़ित ने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान शनिवार को पुलिस ने मेहदीगंज बस स्टॉप के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया लाल रंग का गमछा और पीड़ित को कुएं से बाहर निकालने में प्रयुक्त चार साड़ियां भी बरामद की हैं।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular